बंजार (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोहनी में शिक्षकों की लगातार घटती संख्या से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वर्तमान में विद्यालय में केवल एक शिक्षक ही कार्यरत है, जिससे छात्रों को नियमित पढ़ाई में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए जल्द रिक्त पद भरने की मांग उठाई है।
अभिभावकों के अनुसार वर्ष 2022 से विद्यालय में शिक्षकों की संख्या लगातार कम होती गई, लेकिन रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां नहीं की गईं। वर्ष 2022 से अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र और डीपीई प्रवक्ता के पद खाली हैं। वर्ष 2023 में इतिहास प्रवक्ता और वरिष्ठ सहायक के पद भी रिक्त हो गए, जिन्हें अब तक नहीं भरा गया। वर्ष 2024 में एक अन्य प्रवक्ता और प्रधानाचार्य का पद भी खाली हो गया। जून 2026 से टीजीटी (मेडिकल) का पद भी रिक्त पड़ा है। पिछले चार वर्षों में विद्यालय से कई शिक्षकों का स्थानांतरण हुआ, लेकिन उनके स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य वीरेंद्र ठाकुर, तुलसी राम ठाकुर, घनश्याम सिंह, चमन वर्मा, मेघ सिंह, भाग चंद, टीकम राम और जसवंत सिंह ने बताया कि शिक्षकों के पद लगातार खाली होने से विद्यार्थियों का अन्य स्कूलों की ओर पलायन बढ़ रहा है। वर्तमान में विद्यालय में केवल 40 विद्यार्थी ही शेष रह गए हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो भविष्य में विद्यालय पूरी तरह खाली होने की स्थिति में पहुंच सकता है। समिति ने शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार से मांग की है कि विद्यालय में रिक्त पड़े शिक्षकों और प्रधानाचार्य के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक देश राज डोगरा ने कहा कि विद्यालयों में रिक्त पदों की रिपोर्ट नियमित रूप से सरकार और निदेशालय को भेजी जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां कर विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी। संवाद