अटल टनल के नोर्थ पोर्टल में बर्फ की वादियों में फोटो लेते सैलानी। संवाद।
मढ़ी बंद होने से बढ़ी भीड़, सोलंगनाला में पर्यटकों ने उठाया साहसिक खेलों का लुत्फ
संवाद न्यूज एंजेसी
मनाली (कुल्लू)। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के बाद मनाली का मौसम सुहावना हो गया है। मंगलवार को सोलंगनाला में खिली धूप में पर्यटक मस्ती करने पहुंचे। जिसके चलते सोलंगनाला पर्यटकों से गुलजार हो गया है। मंगलवार को मढ़ी के लिए वाहनों की आवाजाही बंद होने से अटल टनल में पर्यटकों की संख्या अधिक देखी गई।
अटल टनल के नोर्थ पोर्टल और साउथ पोर्टल में भी पर्यटकों की जमकर भीड़ उमड़ी। सोलंगनाला में मंगलवार को पर्यटकों ने साहसिक खेलों का भी लुत्फ लिया। पैराग्लाइडिंग के शौकीनों ने खूब उड़ान भरी। अटल टनल के साउथ पोर्टल में भी पर्यटक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। पर्यटकों ने अटल टनल में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का जमकर लुत्फ उठाया। सोलंगनाला में घुड़सवारी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पर्यटन कारोबारी नानक चंद, राज कुमार, दुर्गा दत्त ने बताया कि सोलंगनाला में काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे है। अटल टनल में भी पर्यटको ने जमकर फोटोग्राफी की। आने वाले दिनों में पर्यटकों की और भीड़ जुटने की उम्मीद है। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उप महा-प्रबंधक बीएस ओक्टा ने बताया कि मनाली में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
अटल टनल के नोर्थ पोर्टल में बर्फ की वादियों में फोटो लेते सैलानी। संवाद।