सिस्सू के पास रविवार रात को बारिश होने से हुआ था भूस्खलन
कुल्लू जिले में पांच दिन बाद खुला मौसम, बागवानों ने राहत की सांस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू/सिस्सू। लाहौल के सिस्सू के पास रविवार रात को बारिश होने से हुए भूस्खलन से बंद हाईवे-तीन को सीमा सड़क संगठन ने बहाल कर दिया है। बीआरओ ने मंगलवार सुबह मशीन लगाकर मलबे को हटाया और घंटों से बंद मनाली-केलांग को यातायात के लिए खोला गया। इससे न केवल सैलानियों को राहत मिली है बल्कि लाहौल घाटी के लोगों को सुविधा मिली।
वहीं जिला कुल्लू में पांच दिन बाद मौसम साफ रहा और किसान-बागवानों के साथ घाटी सैर सपाटे को पहुंच रहे सैलानियों ने भी राहत की सांस ली। मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। जिले में सेब के साथ अन्य फलों के बगीचों में फ्लावरिंग और सेटिंग का दौर चल रहा है। ऐसे में उम्दा फसल के लिए मौसम अनुकूल चाहिए। मौसम विज्ञान केंद्र ने इस सप्ताह कुल्लू जिला में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। भगवान दास, अशोक कुमार, दलीप सिंह तथा प्रेम लाल ने कहा कि सेब, प्लम, नाशपाती के साथ जौ, लहसुन, गोभी, मटर व गेहूं के लिए मौसम अनुकूल रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक जिला में तापमान में पांच से आठ डिग्री तक गिरा है। डीएसपी केलांग राज कुमार ने कहा कि मनाली-केलांग मार्ग स्थित नर्सरी के सेल्फी प्वाइंट पर बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ था। बीआरओ ने जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर यातायात के लिए बहाल कर दिया है।