संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में 26 जुलाई से विद्यार्थी प्रथम वर्ष के विभिन्न संकायों में प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर दी हैं। प्रधानाचार्य ने सोमवार को सभी विभागीय अध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रवेश संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
महाविद्यालय की प्रधानाचार्य बंदना वैद्य ने कहा कि बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीसीए आदि संकायों में प्रवेश के लिए 26 जुलाई से विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश से संबंधित सभी जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा विद्यार्थी किसी तरह की शंका होने पर दूरभाष के माध्यम से शिक्षकों से संपर्क कर सकते हैं। प्रथम वर्ष में विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। द्वितीय व तृतीय वर्ष के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन फीस जमा करवा सकते हैं।