कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में एक कमरे में घुसकर लैपटॉप, ब्लूटूथ, स्पीकर आदि चुराने मामले में पुलिस ने एक और शातिर को पकड़ा है। आरोपी ने चोरी की वारदात में गिरफ्तार हुए दोनों शातिरों का साथ दिया था। चोरी के समय यह बाहर बैठकर पहरा दे रहा था, जिससे दोनों शातिर चोरी की घटना को अंजाम दे सके।
मिली जानकारी के अनुसार 22 मई 2021 को प्रवीण कुमार ने पुलिस थाना मनाली में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी गैर मौजूदगी में कोई उसके कमरे में घुस गया और लैपटॉप, ब्लूटूथ, स्पीकर आदि चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी रोहित शर्मा (22) निवासी गोंपा रोड मनाली, अनिल कुमार (21) निवासी गांव पारशा, डाकघर क्लाथ, मनाली, जिला कुल्लू को गिरफ्तार किया। छानबीन के बाद पुलिस ने पाया कि चोरी की वारदात में आरोपी सन्नी कुमार (28) निवासी भजोगी, डाकघर मनाली, कुल्लू भी शामिल है। पुलिस ने मंगलवार को उसे मनाली से ही पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पकड़ा गया आरोपी दोनों शातिरों की मदद के लिए चोरी की वारदात के समय बाहर पहरा दे रहा था। मामले में अब तक कुल तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 454, 380, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।