भुंतर (कुल्लू)। पुलिस थाना भुंतर के तहत अरसू नाला के पास पैर फिसलने से गिरकर एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। यह हादसा वीरवार को पेश आया।
मृतका की पहचान तारा देवी (36) पत्नी जितेंद्र, निवासी पिपलागे, डाकघर भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अरसू नाला के पास केंद्र से लाैटते उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गईं। हादसे में उन्हें काफी चोटें आईं।
इसके बाद उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद