एनजीटी की ओर से व्यावसायिक गतिविधियों पर लगाई गई रोक के कारण बेरोजगार मनाली के लोगों को मुआवजे की मांग को लेकर कुल्लू में सैकड़ों महिलाओं ने थाली चम्मच बजाकर प्रदर्शन किया। पारंपरिक कुल्लवी परिधान, सिर पर आम आदमी की सफेद टोपी और हाथ में थाली-चम्मच लिए महिलाओं ने बाजार से रोष रैली निकाली।
आम आदमी पार्टी के बैनर तले सैकड़ों की तादाद में महिलाओं ने सरवरी से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक थाली बजाकर रैली निकाली। इस दौरान थाली चम्मच के शोर से पूरा बाजार गूंज उठा। गौरतलब है कि इस प्रदर्शन में किसी प्रकार की नारेबाजी नहीं की गई। बल्कि, चम्मच से थाली बजाकर ही मनाली की महिलाओं ने अपने बेरोजगार होने का संकेत दिया। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा गया। आम आदमी पार्टी के मनाली विधानसभा क्षेत्र के संयोजक दिनेश शर्मा ने कहा कि मनाली और आसपास के गांवों के हजारों स्थानीय लोग एनजीटी की ओर से पर्यटन गतिविधियों पर लगाई गई रोक के कारण पूरी तरह बेरोजगार हो गए हैं।
जबकि, एनजीटी ने प्रदेश सरकार को पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में आधारभूत ढांचा उपलब्ध करवाने के दिशानिर्देश जारी किए हैं। लेकिन, प्रदेश सरकार की कोताही का खामियाजा गरीब भुगत रहे हैं। मनाली में छोटे-मोटे रोजगार पिछले पांच माह से पूरी तरह बंद हैं। इनके बंद होने से लोगों को दो वक्त की रोटी के भी लाले पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि 26 और 27 सितंबर को एसडीएम मनाली के समक्ष दो दिवसीय प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाई थीं, लेकिन इस पर अभी तक कोई अमल नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की है कि प्रतिबंधित पर्यटन गतिविधियों से प्रतिबंध हटाया जाए। सरकार से जुर्माना वसूल कर प्रभावितों को जल्द राहत दिलवाई जाए। इस दौरान आम आदमी पार्टी की वूमन ऑब्जर्वर नेहा त्यागी सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।