ढाई साल बाद केलांग-लपशक रूट पर एचआरटीसी बस रवाना होते हुए। वीडियो ग्रैब
लोगों की मांग पर हर शनिवार और सोमवार को मिलेगी सुविधा
दो पंचायतों के लोगों को मिलेगी राहत, विधायक ने दिए थे निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। ढाई साल बाद लपशक गांव के लिए बस सेवा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक ने निगम प्रबंधन को दो पंचायतों के लोगों के लिए बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए थे।
वीरवार को निगम प्रबंधन ने केलांग-लपशक रूट पर बस सेवा शुरू कर दी। इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। इस बस रूट से तांदी और वारपा पंचायतों के लोगों को फायदा होगा।
यह बस सप्ताह में दो दिन ही केलांग-लपशक के लिए दौड़ेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लपशक के लिए बस सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ प्रवासी कामगारों को मालंग, मारबल, लपशक, यंगरंग सहित कई गांवों के लोगों को बस सेवा का लाभ मिलेगा। निगम के अधिकारियों के अनुसार यह बस शनिवार शाम 5:00 बजे लपशक गांव के लिए जाएगी। शाम को वापस केलांग आ जाएगी। सोमवार सुबह 7:30 बजे लपशक गांव के लिए यह बस केलांग से रवाना होगी।
गौरतलब है कि वारपा और तांदी पंचायत के लोगों की मांग पर विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने निगम प्रबंधन को ढाई वर्षों से बंद पड़ी केलांग-लपशक रूट की बस सेवा को पुनः बहाल करने के आदेश जारी कर दिए हैं। विधायक ने कहा कि जनता की जायज मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। केलांग डिपो के अड्डा प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि लपशक रूट की बस केलांग से लपशक के लिए सप्ताह में दो दिन शनिवार और सोमवार को बस चलेगी।