कुल्लू के भेखली माता भुवनेश्वरी के नए देव रथ निमार्ण करने के लिए लकड़ी लाने के लिए जाते देवलू।
महाराजा घाटी के कमांद से लाई जाएगी रथ की लकड़ी
हजारों श्रद्धालु रथ की लकड़ी लाने के लिए हुए हैं रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सारी कोठी की अधिष्ठात्री माता भुवनेश्वरी का नया रथ बनाया जाएगा। इसके लिए महाराजा घाटी के कमांद क्षेत्र से लकड़ी लाई जाएगी। शनिवार को माता के हजारों श्रद्धालु भेखली स्थित मंदिर से कमांद के लिए निकले।
भेखली से लेकर कमांद तक देव वाद्य यंत्रों की धुनों से माहौल भक्तिमय रहा। जिला मुख्यालय ढालपुर में वाद्य यंत्रों के बीच हजारों श्रद्धालुओं का आगमन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। मान्यता है कि देवता पराशर ऋषि माता को रथ के निर्माण लिए लकड़ी देते हैं।
गौरतलब है माता भुवनेश्वरी सारी कोठी की प्रमुख अधिष्ठात्री देवी हैं। उनके रथ के लिए लकड़ी लाने सारी कोठी के करीब दस देवी-देवताओं के हारियान भी अपना योगदान देने घर से कमांद के लिए निकल पड़े हैं। इन सभी देवी-देवताओं के चिह्न (छड़ी आदि) भी साथ में हैं। देव परंपराओं का भी निर्वहन कर ही लकड़ी लाने की परंपरा को पूरा किया जाएगा। माता के पुजारी राकेश ने बताया कि 50 सालों के बाद नया रथ बनाया जाएगा। फाल्गुन मास में माता ने रथ बनाने के लिए हारियानों को निर्देश दिया था। इसके बाद से रथ बनाने के सभी प्रक्रिया को भी निभाया जा रहा था। अब हजारों श्रद्धालु रथ के निर्माण में प्रयोग होने वाली लकड़ी को लेने के लिए कमांद के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि माता के नए रथ की शोभा को लेकर समस्त सारी कोठी के बाशिंदों में खुशी का माहौल है। हर एक घर से रथ की लकड़ी लेने के लिए श्रद्धालु आए हैं।