विरोध रैली भी निकाली, सरकार और विवि प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी
छात्र संघ चुनाव बहाल करने, कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सरकार, एचपीयू और एसपीयू प्रबंधन से महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग कर रही है।
शनिवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और विवि प्रबंधन से प्रदेश के विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा की मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने, विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को और छात्र चुनावों को बहाल करने की मांग की।
इससे पहले कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय कुल्लू परिसर से क्षेत्रीय अस्पताल होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रैली भी निकाली। कार्यकर्ताओं ने सरकार और विवि प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इकाई अध्यक्ष अभिनव ने कहा कि सरकार छात्र चुनावों को बहाल करे। शिक्षा व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग कर रही है लेकिन सरकार और प्रबंधन सुनने को तैयार नहीं हैं। शिक्षण संस्थानों की तालाबंदी करना बंद की जाए, नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, खनन माफिया व नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार लाने की मांग कर रही है। सारांश, रिया, कृतिका, शगुन, रंजना, मोनिका, संजना, सुभाष, कर्ण नेगी, नीरज, रियान, अरमान, निशित आदि भूख हड़ताल में शामिल रहे।