कुल्लू में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाल करने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सरकार और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी हुई।
कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर की सरकार और विवि प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी
विज्ञापन
मूलभूत सुविधाओं के साथ छात्र संघ चुनावों को बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सरकार, हिमाचल प्रदेश और सरदार पटेल विश्वविद्यालय प्रबंधन से महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग कर रही है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रबंधन से प्रदेश के विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा की मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने, विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को और छात्र संघ चुनावों को बहाल करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सरकार और विवि प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इकाई अध्यक्ष अभिनव ने कहा कि सरकार छात्र चुनावों को बहाल करे। शिक्षा व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी नई शिक्षा नीति-2020 को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग कर रही है लेकिन सरकार और प्रबंधन सुनने को तैयार नहीं हैं। इसके अलावा महाविद्यालयों में लंबित शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने और इसके बुनियादी ढांचे को मजबूत व छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग जारी है। सरकार समय पर आपदा प्रभावित परिवारों को मुआवजा भी प्रदान करे।