नगर पुल के समीप हो रहा निमार्ण कार्य।-संवाद
ब्यास के दोनों तटों के लोगों को राहत, 3 करोड़ की आरसीसी दीवार करेगी बाढ़ से सुरक्षा
डीसी की पहल पर पीडब्ल्यूडी ने शुरू किया परियोजना की डीपीआर का सर्वेक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। क्षेत्र में ब्यास नदी के दाएं और बाएं छोर पर रहने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। दोनों छोर को आपस में जोड़ने के लिए अब नग्गर पुल के संपर्क मार्ग से नदी पर ढाई करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक बैली ब्रिज तैयार किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के सर्वेक्षण का कार्य शुरू कर दिया है। एसडीओ केडी कश्यप ने बताया कि यह पहल उपायुक्त तोरुल एस रवीश के निर्देशों के बाद शुरू की गई है। परियोजना निर्माण में आने वाली लागत एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) वहन करेगा। इसके अलावा ब्यास के वाम तट (लेफ्ट बैंक) से माहिली गांव की दिशा में नदी का रुख बदलने से नुकसान न पहुंचे, इसके लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी की सुरक्षा दीवार लगाने की भी योजना है। इस दीवार का खर्चा जिला प्रशासन वहन करेगा।
गौरतलब है कि नग्गर पुल घाटी की जीवनरेखा है। यह पुल क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेज, कार्यालयों, बागवानों और आम नागरिकों के लिए दैनिक जीवन का प्रमुख संपर्क साधन है। 2023 की भीषण बाढ़ के दौरान जब डोहलू नाले के पास एनएच बह गया था और पुल का संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, तब क्षेत्रवासियों का संपर्क पूरी तरह से कट गया था। बागवानों की फसलें खराब हो गई थीं और परिवहन ठप पड़ गया था। अब नए बैली ब्रिज और आरसीसी दीवार बनने से क्षेत्र की स्थायी सुरक्षा के साथ लोगों का सुगम संपर्क हो सकेगा।