कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में नाट्य प्रस्तुतियों का दौर जारी है। सोमवार को दूसरे दिन अटल सदन में दो नाटकों का मंचन किया गया। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
पहली प्रस्तुति हरिशंकर परसाई की व्यंग्य रचना ‘एक गोभक्त से भेंट’ पर आधारित रही। रेनबो आर्ट एंड थियेटर क्लब के कलाकारों ने जीवानंद चौहान के निर्देशन में इसका प्रभावशाली मंचन किया। नाटक में धर्म, राजनीति और गो-रक्षा के नाम पर होने वाले पाखंड, स्वार्थ और दोहरे चरित्र को उजागर किया गया। सा
थ ही समाज में व्याप्त अंधविश्वास और अतार्किक सोच पर भी कटाक्ष किया गया। दूसरी प्रस्तुति मन्नत कला मंच की ओर से एंटन चेखव के नाटक ‘द प्रपोजल’ की रही। नवनीत भारद्वाज के निर्देशन में मंचित इस हास्य नाटक में शादी के प्रस्ताव के दौरान पैदा होने वाले विवाद, अहंकार और नोकझोंक को रोचक अंदाज में पेश किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय और संवादों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। दोनों नाटकों ने अपनी विषयवस्तु और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। संवाद