1009 विद्यालयों में 35,175 विद्यार्थियों को मिल रहा भोजन
पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन और निर्धारित मेन्यु के अनुसार मिड-डे मील उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
पीएम पोषण शक्ति निर्माण (मिड-डे मील) योजना में जिले को चालू वित्त वर्ष में चार करोड़ छह लाख 60 हजार 276 रुपये का बजट आवंटित किया गया है। यह बात उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कही। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की बैठक उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक का संचालन गुणवत्ता शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ने किया। उन्होंने बताया कि जिले के 1009 प्री-प्राइमरी, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में 35,175 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन्हें रोजाना मिड-डे मील दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को मिड-डे मील में सोमवार को दाल-चावल, मंगलवार को सब्जी पुलाव (मौसमी सब्जी), बुधवार को दाल-चावल, वीरवार को न्यूट्री, आलू एवं चावल, शुक्रवार को आलू-पालक चावल (मौसमी सब्जी) और शनिवार को काले चने और चावल दिया जा रहा है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों की रसाेई की बेहतर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ नियमित भोजन की जांच हो। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानों को कवर किया जाए। बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों के रसोई भवन मानसून सीजन में भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका आकलन शीघ्र तैयार किया जाए। इस दौरान उपनिदेशक उच्च शिक्षा देश राज डोगरा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार आदि उपस्थित रहे।