न्यूली (कुल्लू)। न्यूली-शैंशर मार्ग पर पांच लाख रुपये से डंगा लगेगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए एक प्राक्कलन तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद यहां डंगा लगाने का कार्य आरंभ किया जा सकेगा। प्राक्कलन के अनुसार यहां पहले आरसीसी का डंगा लगाया जाएगा और उसके ऊपर क्रेटवाॅल लगाई जाएगी। इससे मार्ग से लोगों को आने जाने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। इससे उन्हें छोटे वाहनों में ज्यादा किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। अब विभाग की ओर से बनाए गए प्राक्कलन के अनुसार इस मार्ग में चिनाहिड़ी के पास डंगा लगाया जाएगा।
क्षेत्र के चुन्नी लाल, हीरा लाल, भाग चंद आदि का कहना है कि वर्ष 2023 और 2025 में आई आपदा के दौरान सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। अभी तक सड़क को ठीक नहीं किया गया है। सड़क पर जगह-जगह डंगे गिरे हैं और कई स्थानों में सड़क पर मलबा गिरा है। इस कारण बस सेवा नहीं चल पा रही है जबकि छोटे वाहनों को भी कई स्थानों में जोखिम में डालकर निकाला जा रहा है। अगर समय रहते विभाग का यह प्राक्कलन सिरे चढ़ता है तो इससे लोगों को काफी फायदा पहुंचेगा।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि न्यूली-शैंशर मार्ग में चिनाहिड़ी के पास डंगा लगाने के लिए विभाग ने प्राक्कलन बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा है और जल्द स्वीकृत होने की उम्मीद है। उसके बाद यहां कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद