कुल्लू। नगर परिषद के वार्ड नंबर सात शीशामाटी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालत यह है कि सड़क किनारे की निकासी नालियां मिट्टी से भरी रहती हैं। इससे नालियों का सारा गंदा पानी सड़क पर बहना शुरू हो जाता है। इसके चलते वार्डवासियों समेत यहां राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बरसात के दिनों में तो यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। वार्ड नंबर सात में बने शौचालय के हालत इतने खस्ता हैं कि यहां लोग मुंह ढंक भी अंदर नहीं जा सकते। साफ-सफाई न होने से शौचालय की सुविधा लोगों को नहीं मिल पा रही है। यही नहीं, वार्ड सात के बाशिंदों के लिए पार्किंग की सुविधा भी नहीं है। लोगों को अपने वाहनों को पार्क करने में परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय निवासी निरत सिंह, टेक चंद और तारा चंद ने कहा कि डोर-टू-डोर स्क ीम के तहत दुकानदारों से कूड़ा उठाने की एवज में अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। वहीं, सफाई कर्मियों का कूड़ा उठाने का कोई निर्धारित समय भी नहीं है। उन्होंने कहा कि नालियाें की बदहाली को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अमर चंद, मोहन सिंह और लीला देवी ने बताया कि वार्ड नंबर सात में पार्किंग स्थल नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि पार्किंग स्थल और शौचालय की बदहाली को जल्द सुधारा जाए, जिससे लोगों को परेशानी न आए।
..क्या कहना है पार्षद..
वार्ड नंबर सात की पार्षद केक ती देवी ने बताया कि खराब शौचालय को नया बनाने के लिए उन्होंने प्रपोजल भेजा है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर सात में पार्किंग की गंभीर समस्या को देखते हुए चुंगी के पास खाली स्थान पर पार्किंग बनाने की योजना है। वार्ड की दूसरी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।