कुल्लू। जिला कुल्लू में डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद ने नया टेंडर कर दिया है। इसके तहत कुल्लू शहर के 11 वार्डों में 80 सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए शहर को दो जोन में बांटा गया है। नगर परिषद के वार्ड नंबर 1,2,3,4,5 और 7 नंबर वार्ड को जोन एक में रखा गया है। वार्ड नंबर 6,8,9,10,11 को जोन दो में रखा गया है।
सफाई व्यवस्था पहले से बेहतर बनाने के लिए एक जोन में 40 सफाई कर्मचारी तैनात रहेंगे। दूसरे जोन में भी 40 कर्मचारी होंगे। इसके साथ शहर भर में कूड़ा उठाने के लिए आठ गाड़ियां होंगी। गौर रहे कि इस नगर परिषद ने डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नया टेंडर कर दिया है। नए ठेकेदार को नई शर्तों के साथ काम करने को कहा गया है। शहर में लोग कूड़ा हर कहीं न फेंक सके, इसके लिए हॉट स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। नगर परिषद के हर वार्ड की सफाई सुनिश्चित हो, इसके लिए वार्ड में जरूरत के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। उधर, इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि शहर में सफाई को पहले से भी बेहतर किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कूड़ा हर कहीं न फेंके। शहर को स्वच्छ बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें। शहर के हॉट स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। अगर कोई कूड़ा फेंकता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।