कुल्लू। विस चुनावों के चलते कुल्लू जिला के करीब दो दर्जन रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही नहीं हो सकी। एचआरटीसी की 56 बसों ने चुनावी ड्यूटी में लगे 2800 अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचाया। जिसके चलते घाटी के इन रूटों पर सुबह, दिन और शाम के समय बसें नहीं चल सकी है और लोगों को परेशान होना पड़ा। खास कर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतें झेलनी पड़ी है। निगम ने चुनाव ड्यूटी में लगाई 56 बसों में कुल्लू विस में 19 बंजार में 16 तथा मनाली विधान सभा में 16 बसों लगाया है।
हालांकि नजदीक के पोलिंग स्टेशनों को गई बसें सुबह के रूटों के लिए उपलब्ध हो लेकिन कुछ बसें कल सुबह या फिर दिन के समय ही पहुंच पाएंगी। नौ नवंबर को फिर से लोगों को परेशान होना पड़ेगा। मतदान के दिन भले ही अवकाश होगा बावजूद ग्रामीणों को दिक्कतें पेश आ सकती हैं। एचआरटीसी कुल्लू के आरएम योगराज ठाकुर ने कहा कि बसों के चुनाव ड्यूटी पर भेजे जाने से घाटी में दो दर्जन रूटों पर निगम की बसें नही दौड़ पाई है। उन्होंने कहा कि बुधवार शाम को सभी रूटों पर बस सेवा शुरू होगी। उपायुक्त कुल्लू एवं जिला निर्वाचन अधिकारी युनूस ने कहा कि सभी 520 पोलिंग बूथों के लिए 2800 अधिकारियों व कर्मचारियों को निगम की बसों द्वारा भेजा गया है।