अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का मंच पाने के लिए सुर-ताल की परीक्षा देते प्रतिभागी। -संवाद
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में बेहतर कलाकारों को ही मंच प्रदान किया जाएगा। इसके लिए कलाकारों के ऑडिशन लिए जा रहे हैं। ऑडिशन के दूसरे दिन मंगलवार को जिलेभर के 71 कलाकार सुर और ताल की परीक्षा देने पहुंचे।
ऑडिशन में निर्णायक मंडल में सेवानिवृत्त सहायक प्रोफेसर संगीत डॉ. सूरत ठाकुर, सहायक लोक संपर्क अधिकारी जयप्रकाश शर्मा, महाविद्यालय कुल्लू के प्रो. संगीत पंडित विद्यासागर कलाकारों की परीक्षा ले रहे हैं। देवसदन में चल रहे ऑडिशन में मंगलवार को एकल गीत और नृत्य में 55 और समूह नृत्य के लिए 16 कलाकारों ने सूर और ताल की परीक्षा दी।
जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने कहा कि पांच अक्तूबर तक कलाकारों के ऑडिशन लिए जाएंगे। इसके पश्चात श्रेष्ठ कलाकारों की सूची तैयार की जाएगी, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के उपलक्ष्य में लालचंद प्रार्थी कला केंद्र तथा देवसदन के मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर दिया जाएगा। कहा कि ऑडिशन में निर्णायक मंडल कलाकारों की परीक्षा ले रहा है। संवाद