मनाली में चल रही बाक्सिंग प्रतियोगिता में अपस में भिड़ते दो खिलाड़ी। संवाद।
मनाली (कुल्लू)। मनाली बॉक्सिंग क्लब की ओर से मनाली के रांगड़ी में आयोजित बॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर में हिमाचल और हरियाणा के 55 से अधिक बॉक्सर जुटे। मंगलवार को शिविर में आए प्रतिभागियों के बीच मुकाबले भी करवाए गए। ब्यास के तट पर बने बॉक्सिंग रिंग में खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने क्लब के संचालक सक्षम और मानक ठाकुर के साथ सहयोगी सुभाष ठाकुर की पहल की सराहना की। सक्षम ने बताया कि 21 जून को शिविर का शुभारंभ हुआ था। इस शिविर में हरियाणा, शिमला, कुल्लू और मनाली के लगभग 55 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सुभाष ने बताया कि मानक और सक्षम घाटी में बाक्सिंग को बढ़ावा देने के साथ नशे को दूर करने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर समाजसेवी बुधराम शर्मा भी मौजूद रहे। संवाद