स्वार। वजन बढ़ाने-घटने की दवा पीने से क्षेत्र पंचायत की पूर्व सदस्य सहित तीन की हालत बिगड़ गई। तीनों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। तीनों के परिजनों ने उस सेंटर में जाकर जमकर हंगामा किया, जहां उन्होंने दवा पी थी।
नगर में इस वक्त वजन घटाने-बढ़ाने के कई सेंटर चल रहे हैं। इन सेंटरों से एजेंट बनाकर प्रचार प्रसार कर लोगों को जोड़ा जा रहा है। शनिवार की प्रात: तहसील क्षेत्र के गांव लखीमपुर निवासी रामबहादुर का बेटा अमन (17) अपने छोटे भाई अतुल और चाचा प्रदीप के साथ एक सेंटर पर पहुंचा, जहां वजन कम करने के लिए सेंटर संचालकों ने उनका रजिस्ट्रेशन कर फीस जमा करने के बाद केमिकल युक्त एक दवा पिलाई। आरोप है कि जैसे ही सभी लोग घर पहुंचे अचानक अमन की हालत बिगड़ने लगी और उसके सारे शरीर और दाने बनने लगे। ऐसा देखकर परिजन घबरा गए और उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसके कुछ ही देर बाद गांव मधुपुरा निवासी क्षेत्र पंचायत की पूर्व सदस्य राजवती और गांव शहपुरा निवासी गीता की भी दवा पीने से हालत बिगड़ गई। दोनों वजन घटाने की दवा पी थी। उनके परिजनों ने भी दोनों को सीएचसी भर्ती कराया। देर शाम परिजनों ने सेंटर पर पहुंच कर दवा के नाम पर लूट खसोट करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा किया। वहीं सेंटर संचालक का कहना है कि उनके द्वारा पिलाई गई दवा से कोई रिएक्शन नही होता है, जो आरोप लागये जा रहे है वह गलत हैं। दूसरी ओर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी इंदुकान्त वर्मा का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। यदि शिकायत मिली तो सेंटर पर पिलाई जा रही दवा की जांच कर अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी ।