अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। खराहल घाटी की रोगीमोड़-लारीकोट सड़क पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा ठप हो गई है। सड़क पर बस दो दिन चलने के बाद फिर से बंद कर दी है। सड़क पास हुए नौ साल का समय बीत गया है। इसके बावजूद बस न चलाए जाने को लेकर लोगों में रोष है। लोगों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम पर भेदभाव का आरोप लगाया है।
लोगों की मांग पर बस को लारीकोट-रोगीमोड़ सड़क पर भेजा गया था। बताया जा रहा है कि इसमें निगम की ओर से यह तर्क दिया गया कि बस को मोड़ने में मुश्किल आ रही है। बस को मोड़ने वाली जगह तंग है। स्थानीय निवासी शिवा युवक मंडल प्रधान दुनी चंद, फतेह सिंह राणा, पूर्व वार्ड पंच नूप राम, अमर चंद आदि ने कहा कि करीब दो साल पहले भी बस का ट्रायल हुआ था। उस समय भी सड़क में कई खामियां निकाली गई, जिन्हें दूर किया गया। इसके बावजूद रोगीमोड़-लारीकोट सड़क पर लोगों को बस की सुविधा नहीं दी जा रही है। गांव मनारी, लारी, कोट, शिल्ला, बदलोगी, रोगी, डुगाभ्ररा आदि गांव के लोग टैक्सियों में सफर करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के दौरान इसी सड़क पर ट्रकों की आवाजाही होती रही। अब ऐसे में यह तर्क देना कि बस के लिए सड़क तंग है, यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि रोगीमोड़-लारीकोट मार्ग पर निगम की बस न चलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बस को सड़क पर नियमित रूप से चलाया जाए। उधर, आरएम कुल्लू डीके नारंग ने बताया कि इस रूट पर एक जगह मोड़ पर बस सड़क से लग रही है। ऐसे में चताणी के साथ लगते नाले तक बस को भेजा जाएगा।