जनवरी-फरवरी की बर्फबारी
से 1.04 करोड़ का नुकसान
लोनिवि को 60 और एनएच अथॉरिटी को 45 लाख की चपत
जिला प्रशासन ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जनवरी और फरवरी माह में हुई जाड़े की बर्फबारी से सरकार को 1.05 करोड़ का नुकसान हुआ है। दिसंबर माह में हुई पहली बर्फबारी से प्रशासन को 35 लाख रुपये की चपत लगी है। वहीं जनवरी-फरवरी को यह नुकसान तीन गुना अधिक पहुंच गया है।
लोनिवि डिविजन कुल्लू को सबसे अधिक 57.50 लाख नुकसान आंका गया है। वहीं जिला के बाह्य सराज के लोनिवि निरमंड को दो लाख और औट-बंजार-सैंज नेशनल हाईवे-305 पर एनएच अथॉरिटी को 45.75 लाख की क्षति पहुंची है। इस साल कम हुई बर्फबारी से आईपीएच तथा बिजली बोर्ड का नुकसान न के बराबर आंका गया है। नए वर्ष के नुकसान की रिपोर्ट जिला प्रशासन ने तैयार कर उपायुक्त कुल्लू के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेज दी है।
एडीएम कुल्लू अक्षय सूद ने कहा कि इस साल बर्फबारी से 1.40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। पहले चरण में 35 लाख और दूसरे चरण में 1.05 करोड़ की क्षति हुई है। इसमें सबसे अधिक लोनिवि कुल्लू को 57 लाख की चपत लगी है। एनएच अथॉरिटी के अधिशाषी अभियंता अनिल परमार ने कहा कि जलोड़ी दर्रा में हुई बर्फबारी से अथॉरिटी को 45.25 लाख का नुकसान उठाना पड़ा है। उपायुक्त कुल्लू युनूस ने कहा कि सर्दी में बर्फबारी और बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेज दी है। इस साल जाड़े में नेशनल हाईवे-305 के साथ जिला के करीब आधा दर्जन मार्ग ही कुछ दिनों तक बंद रहे जबकि आमतौर पर जिला का जनजीवन सामान्य रहा है।