संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ने के कारण ग्रीष्मकालीन स्कूलों में दो फरवरी तक छुट्टियां रहेंगी। बोर्ड की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कैबिनेट बैठक में नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाने का फैसला लिया है। ऐसे में जिला कुल्लू के सरकारी व निजी स्कूलों के 28579 विद्यार्थी तीन फरवरी से स्कूल आएंगे। इन विद्यार्थियों की स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगेंगी।
बता दें कि जिला कुल्लू में इन चार कक्षाओं में सरकारी स्कूलों में 21374 तथा निजी में 7205 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षा निदेशालय ने सरकार को नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं लगाने का प्रस्ताव भेजा था। निदेशालय के इस प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिली है। उल्लेखनीय है कि कैबिनेट के फैसले के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने स्कूलों को खोलने की तैैयारी कर दी है। जिला में समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा और कक्षाओं के सैनिटाइजेशन का जिम्मा अध्यापकों को सौंपा गया है। अभियान के तहत बाकायदा जिला के 1050 स्कूलों को 17 लाख का बजट जारी किया गया है। इस राशि को कक्षा को सैनिटाइज, मास्क और अन्य आवश्यक कार्यों पर खर्च किया जाएगा। इस संबंध में जिला परियोजना अधिकारी चांद किशोर गौतम ने कहा कि पूर्व की भांति स्कूल खुलने पर रोजाना कक्षाओं को सैनिटाइज करने की व्यवस्था रहेगी।
ऑनलाइन कक्षाओं के लिए पाठ्यक्रम तैयार
कोरोना की पाबंदियों के कारण प्राथमिक से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। ऐसे में जिले में दोबारा हर घर पाठशाला कार्यक्रम को शुरू किया जाएगा। इन विद्यार्थियों की परीक्षाओं की तैयारी के लिए समग्र शिक्षा अभियान के तहत पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।