आनाकानी के बाद 90 विद्यार्थियों
ने एक साथ किया मिड-डे-मील
हाई स्कूल चेष्टा में फिर रोल नंबर वाइज नहीं बैठे विद्यार्थी
स्कूल में मिड डे मील से पहले हुई बच्चों की काउंसलिंग
नहीं हो सकी स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। हाई स्कूल चेष्टा में 16 जनवरी के सामने आया जातीय भेदभाव का मामला अब शांत होता नजर आ रहा है। हाई स्कूल में चेष्टा में प्रशासन और सरकार के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार स्कूल के 92 विद्यार्थियों में से 90 बच्चों ने एक साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। दो बच्चों ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए मिड डे लेने से इंकार कर दिया। हालांकि मिड डे मील के लिए बच्चे रोल नंबर वाइज नहीं बैठे।
इससे पहले स्कूल में बच्चों की काउंसलिंग के लिए एक विशेष टीम स्कूल पहुंची। काउंसलिंग टीम ने बच्चों को विस्तार से समझाया। स्कूल का निरीक्षण करने के लिए शिक्षा विभाग के फ्लाइंग विंग का दस्ता भी उपनिदेशक बलवंत की अध्यक्षता में पहुंचा। फ्लाइंग विंग ने स्कूल की हर व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोपहर के समय मिड डे मील खिलाने के लिए बच्चों को ग्राउंड में बिठाया गया। इसमें छात्रों का एक दल सामूहिक रूप से भोजन करने में आनाकानी करने लगा। इसके बाद इन बच्चों को समझाकर मिड डे मील के लिए राजी किया गया। स्कूल में वीरवार को रखी गई स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक कई सदस्यों के गैर हाजिर रहने के कारण नहीं हो सकी। मामले को लेकर कुछ ग्रामीण भी स्कूल के आसपास इकट्ठा हुए थे, लेकिन उन्हें स्कूल परिसर से दूर रखा गया। पूरा दिन लगभग व्यवस्था सामान्य रही।
वहीं इस संबंध में शिक्षा विभाग निरीक्षण विंग उपनिदेशक बलवंत ठाकुर ने कहा कि स्कूल में 92 में से 90 बच्चों ने एक साथ मिलकर भोजन किया है। एसएमसी को निर्देश दिए गए हैं कि बिना विभाग की अनुमति के अध्यापक नियुक्त न करें।
आज दोबारा टीम करेगी निरीक्षण
देशभर में यह जातीय भेदभाव का मामला उछलने के बाद स्थानीय प्रशासन समेत शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। वीरवार को निरीक्षण कर जायजा लेने के बाद अब शुक्रवार को स्कूल का फिर से निरीक्षण किया जाएगा। स्कूल की हर गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।