लाहौल घाटी की सड़कों पर
आज से दौड़ेंगी निगम की बसें
सड़कों के संयुक्त निरीक्षण के बाद निगम ने लिया फैसला
सरकारी कर्मचारियों व स्कूली बच्चों को मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के लोगों के लिए राहत की खबर है। पथ परिवहन निगम केलांग डिपो शुक्रवार से घाटी के महत्वपूर्ण रूटों पर बस सेवा शुरू करने जा रहा है। बस सेवा बहाल होने की खबर सुनते ही लोगों में काफी उत्साह है।
घाटी में 13 दिसंबर को बर्फबारी के बाद बस सेवाएं ठप पड़ गई थी। लिहाजा सर्दियों के मौसम में बीआरओ द्वारा मार्ग न बहाल किए जाने से लोगों को आवाजाही में टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा था। अब घाटी में बस संचालन हो जाने से लोगों को आवाजाही करने में बड़ी राहत मिलेगी। टैक्सियों के महंगे सफर से लोगों को निजात मिलेगी। वीरवार को एचआरटीसी केलांग डिपो के चालकों, बीआरओ सहित निरीक्षण दल की एक टीम ने सड़कों का संयुक्त निरीक्षण किया। केलांग दारचा, केलांग सिस्सू, केलांग उदयपुर मार्ग का निरीक्षण के बाद शुक्रवार को घाटी में बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। बसों की आवाजाही शुरू हो जाने से सरकारी कर्मचारियों के साथ दूरदराज स्कूली बच्चों को राहत मिलेगी।
इस संबंध में लाहौल-स्पीति जिप चेयरमैन रमेश रूअलवा, वारपा पंचायत के प्रधान सत प्रकाश, तांदी पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि कुल्लू शिफ्ट केलांग डिपो का स्टाफ घाटी में पहुंचते ही निगम ने लोगों की सुविधा बस चलाने का निर्णय लिया है। बसों की आवाजाही शुरू होने से लोगों को सुविधा मिलेगी। वहीं एचआरटीसी केलांग डिपो के मंगल चंद मनेपा ने कहा कि शुक्रवार से केलांग उदयपुर, केलांग दारचा और केलांग सिस्सू के बीच नियमित बस सेवा शुरू की जाएगी। तिंदी और मयाड़ सहित अन्य रूटों पर निरीक्षण के बाद अन्य रूटों पर जल्द बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।