कुल्लू महाविद्यालय में नए सत्र में प्रवेश के लिए काउंसलिंग में भाग लेते छात्र।
कुल्लू। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुल्लू में यूजी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए काउंसलिंग करवाई गई। काउंसलिंग में अभी तक जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, लेकिन दस्तावेजों का सत्यापन नहीं करवाया है, उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। खराब मौसम और झमाझम बारिश के बीच भी प्रवेश पाने के लिए 115 विद्यार्थी पहुंचे।
बता दें कि महाविद्यालय में यूजी प्रथम वर्ष में बीए, बीकॉम, बीसीए और वीवॉक के 26 विषयों में 2,520 सीट उपलब्ध हैं। इनमें तीन काउंसलिंग में 1,985 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश मिला है। महाविद्यालय कुल्लू में शनिवार को हुई अंतिम काउंसलिंग में अन्य रिक्त सीटें भरी गईं। जिला कुल्लू में नौ जुलाई से मौसम लगातार खराब चल रहा है।
कई क्षेत्रों में नेटवर्क न होने के कारण विद्यार्थी यूजी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन नहीं कर पाए। हालांकि विश्वविद्यालय के निर्देश पर महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथियां बढ़ाई गई थीं, लेकिन सड़कें क्षतिग्रस्त और नेटवर्क न होने की वजह से आवेदन कम हुए हैं।
महाविद्यालय कुल्लू में अभी भी कई विभागों में सीटें खाली हैं। जिन विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, उनके लिए अंतिम काउंसलिंग दो दिन चली। ऐसे में शुक्रवार और शनिवार को खराब मौसम में भी 115 विद्यार्थी दस्तावेज सत्यापन करवाने पहुंचे। प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने कहा कि महाविद्यालय कुल्लू में 1,985 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर यूजी प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया गया है। संवाद