नियमित आधार पर हों सभी पदोन्नतियां
प्राथमिक शिक्षक संघ ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड बंजार ने अध्यक्ष जीवन संधू की अध्यक्षता में मांगों को लेकर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बंजार के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा। संघ के महासचिव सीआर ठाकुर ने कहा कि संघ ने मांग करते हुए कहा कि कक्षा बार अध्यापकों को नियुक्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर प्रतिवर्ष की जाने वाली युक्तिकरण की प्रक्रिया में जेबीटी, मुख्य शिक्षक, केंद्रीय मुख्य शिक्षक के पदों का विलोपन न किया जाए। प्राथमिक सहायक अध्यापक और ग्रामीण विद्या उपासक पिछले कई वर्षों से दूरदराज की पाठशालाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन दोनों वर्गों के शिक्षकों को बहुत समय से एक शोषित जीवन जीने के मजबूर होना पड़ रहा है। अध्यापकों के दोनों वर्गों को शीघ्र नियमित किया जाए। इसके अलावा वर्ष 2011 के पश्चात से उच्चतम न्यायालय में भूतपूर्व सैनिक कर्मचारियों व अन्य वर्ग के कर्मचारियों के केस के कारण प्राथमिक शिक्षा में सभी पदोन्नतियां प्लेसमेंट के आधार पर हुई है। अगस्त में इस का निर्णय भी आ चुका है लेकिन सरकार अभी भी प्लेसमेंट के आधार पर अभी भी पदोन्नति कर रही है। जिसका संघ विरोध करता है। सभी पदोन्नतियां नियमित आधार पर की जाएं। इस दौरान पीटीएफ महासचिव जिला कुल्लू बिहारी लाल परमार, सीएचटी नूरमा देवी, जेबीटी मोहिंद्र शर्मा और सीएचटी लाल चंद आदि मौजूद रहे।