नकल वाले केंद्रों पर सीसीटीवी की नजर
बोर्ड की दसवीं और जमा दो की परीक्षाओं के लिए विभाग ने कसी कमर
कई स्कूलों में लगे कैमरे, कइयों में तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में नकल पर नकेल कसने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी। बोर्ड की कक्षा दसवीं और जमा दो की वार्षिक परीक्षाएं मार्च माह शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों में नकल पर शिकंजा कसने के लिए पहली बार परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। जिले के दुर्गम इलाकों में कई बार फ्लाइंग स्कवायड नहीं पहुंच पाता। ऐसे में इन स्कूलों में जमकर नकल चलती है। ऐसे केंद्रों पर भी इस बार सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से मिले आदेशों के बाद कई स्कूलों ने बोर्ड की परीक्षाओं के लिए केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित भी कर दिए हैं। कुछ में प्रक्रिया चल रही है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक जगदीश ने कहा कि स्कूलों को बोर्ड परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश हैं। कई स्कूलों अपने स्तर सीसीटीवी लगा लिए हैं जबकि कई स्कूलों में प्रक्रिया चल रही है।