संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में वन विभाग की टीम ने नाके पर देवदार के 16 स्लीपर बरामद किए हैं। वन विभाग की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वन परिक्षेत्र अधिकारी जरी व उनकी टीम ने चीला मोड़ पर नाका लगाया था। इस दौरान सुबह के समय लगभग तीन बजे जरी की तरफ से एक मालवाहक ऑटो आया, जो भुंतर की ओर आ रहा था। टीम ने आटो को रूकने के लिए कहा, लेकिन चालक ने नहीं रोका। शक होने पर वन विभाग की टीम ने ऑटो का पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी करने पर पाया कि ऑटो में देवदार के 16 स्लीपर लादे हुए थे। इसकी सूचना वन विभाग ने जरी पुलिस को दी और ऑटो व स्लीपरों को अपने कब्जे में लिया। डीएफओ पार्वती एश्वर्य राज ने कहा कि वन तस्करी को रोकने के लिए वन विभाग ने नाकाबंदी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्श नहीं जाएगा। इसमें अगर वन विभाग के कर्मचारी संलिप्त पाए गए तो सख्ती से निपटा जाएगा। स्लीपरों की शिकायत पुलिस का दी है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऑटो चालक ने स्लीपरों को कहां से लाया और किसको दिए जाने थे, इसकी भी जांच की जा रही है।