परिवहन निगम के 21
कर्मचारी पहुंचे केलांग
दो उड़ानों में 105 लोग हुए रोहतांग दर्रा से आरपार
अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। मौसम के अनुकूल रहने से बुधवार को भी जनजातीय क्षेत्रों के लिए दो उड़ानें भरी गईं। जिसमें पथ परिवहन निगम केलांग के 21 कर्मचारियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से डाइट हेलीपैड पहुंचाया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक केलांग और कुल्लू के मंगल चंद मनेपा ने बताया कि इस बार घाटी में कम बर्फबारी होने से घाटी के भीतरी मार्गों को बीआरओ ने बहाल कर दिया है। जिससे आम जनता की सुविधा के लिए शीघ्र ही भीतरी मार्गों में बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। केलांग डिपो की पांगी की टीम को भी जल्द हवाई सेवा के माध्यम से लाहौल पहुंचाया जाएगा।
उधर, इस संबंध में उड़ान समिति के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को चार उड़ानों में 202 लोग आर पार हुए थे। बुधवार को दो उड़ानों में 105 लोग अपने गंतव्य तक पहुंचे। पहली उड़ान भुंतर से उदयपुर के लिए हुई। जिसमें 23 यात्रियों को इस हेलीपैड पर उतारा गया। रिकॉर्ड 31 लोग उदयपुर से भुंतर पहुंचाए गए। दूसरी ओर अंतिम उड़ान में परिवहन निगम केलांग के 21 स्टाफ के साथ कुल 25 लोग डाइट हेलीपैड उतरे और इसी हेलीपैड से 26 लोगों को भुंतर एयरपोर्ट के लिए लिफ्ट किया गया।