कुल्लू। मणिकर्ण घाटी की पार्वती नदी में एक महिला का पानी भरते समय पांव फिसलने से मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटना को लेकर केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे कसोल के साथ छलाल पुल के पास एक महिला पानी भरने गई थी और इस दौरान उसका पांव फिसल गया और वह नदी बह गई। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और जरी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। बाद में पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया है। जहां उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले किया जाएगा। महिला की पहचान 28 वर्षीय नीसा देवी पत्नी कुंज लाल निवासी थाच लगवैली के रूप में हुई है। मणिकर्ण पुलिस चौकी प्रभारी और जांच अधिकारी एएसआई नंदलाल ने कहा कि महिला यहां अपने पति के साथ मजदूरी का काम करती थी। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस महिला की मौत की जांच कर रही है।