कुल्लू। मणिकर्ण घाटी में नेपाल मूल के व्यक्ति से पकड़ी साढ़े पांच किलो चरस खेप दिल्ली बस स्टैंड में करीब तीन लाख रुपये में बेची थी। इसके लिए आरोपी ने एक व्यक्ति से सौदा किया था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस सौदागर का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रकेश ने स्वयं साढ़े पांच किलो चरस तोष और पुलगा क्षेत्र से तैयार करने की बात कही है। उसने बताया कि उसे एक व्यक्ति का फोन आया था कि उसे चरस खेप चाहिए। जिस पर यह माल दिल्ली छोड़ा जाना था। करीब साठ हजार रुपये प्रति किलो में यह खेप आरोपी तक पहुंचाई जानी थी। यह सौदागर कौन है और कहां का रहने वाला है, इस संबंध में आरोपी खुद भी नहीं जानता है। जिसका पता लगाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। साढ़े पांच किलो चरस खेप बस द्वारा दिल्ली तक पहुंचाई जानी थी, लेकिन कुल्लू पुलिस ने आरोपी को मणिकर्ण में ही खेप के साथ दबोच लिया। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व पुलिस ने मणिकर्ण में नाके के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से साढ़े पांच किलो चरस बरामद की थी। मामले में पुलिस पहले और बाद के लिंकेज का पता लगा रही है। इधर, एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। खेप के दिल्ली ले जाने की बात आरोपी ने कबूली है। मामले में हर पहलू को ध्यान में रखते ही जांच आगे बढ़ाई जा रही है। चरस तस्करी के विरुद्घ अभियान जारी है।