कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव (13 से 19 अक्तूबर) के लिए रघुनाथ की नगरी पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस और होमगार्ड के 1,400 जवानों को तैनात कर दिया है। शनिवार दोपहर कलाकेंद्र में एकत्रित सभी पुलिस और होमगार्ड के जवानों को 13 सेक्टरों में तैनात कर दिया है। सभी सेक्टरों की कमान एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी के पास होगी।
दशहरा में देवी-देवताओं की सुरक्षा के साथ आम लोगों की सुरक्षा करना पुलिस के लिए चुनौती रहेगी। दशहरा में शांति व्यवस्था के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। शहर के अति संवेदनशील इलाकों में करीब 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अलग-अलग जगहों पर पांच नाके और चार जगहों पर बैरियर स्थापित किए गए हैं। रामशिला से लेकर बजौरा तक पुलिस तैनात रहेगी।
...
जेबकतरों पर भी टीम का रहेगा पहरा
हुड़दंगियों की धरपकड़ के साथ गुंडा सेल, जेबकतरों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। क्यूआरटी की भी तीन टीमों का गठन किया गया है। सादी वर्दी में पुलिस केे जवानों के साथ संदिग्धों पर सर्विलांस से भी निगरानी की जाएगी। अगर कोई वाहन सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से पार्क किया गया तो पुलिस क्रेन से उसे उठाकर ले जाएगी। इसके लिए ढालपुर में पुलिस ने क्रेनों को पार्क किया है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन ने कहा कि दशहरा के सफल और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन को लेकर पुलिस सतर्क है। सभी 13 सेक्टरों के साथ अन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस को तैनात कर दिया है।
000