जलशक्ति विभाग ने खराहल घाटी में 12 स्थानों पर दी दबिश
चेतावनी देकर छोड़ा, दोबारा पकड़े गए तो काट दिया जाएगा कनेक्शन
....
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। पेयजल का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ जल शक्ति विभाग ने कार्रवाई करना आरंभ कर दिया है। विभागीय टीम ने मंगलवार को अनुभाग खराहल में निरीक्षण किया। 12 स्थानों पर पेयजल के दुरुपयोग के मामले सामने आए। टीम ने कार्रवाई कर 12 लोगों के पाइप जब्त किए हैं। पेयजल का दुरुपयोग करने वालों को चेतावनी देकर छोड़ा है। दोबारा पकड़े जाने पर विभाग की ओर से पेयजल कनेक्शन काट दिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पेयजल का दुरुपयोग करने वालों पर नजर रखी जा रही है। लोगों को पेयजल का दुरुपयोग न करने के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
लोगों को बताया जा रहा है कि यदि कोई व्यक्ति पेयजल को सिंचाई के लिए प्रयोग करता है, तो विभाग उसका पानी का कनेक्शन काट सकता है। जुर्माना भी वसूल किया जा सकता है। जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता और उनकी टीम ने मंगलवार को छापा मार कर खराहल घाटी के 12 स्थानों में पेयजल का दुरुपयोग करने वाले लाेगों पर कार्रवाई की है।
......
गर्मी के दिनों में हर उपभोक्ता को पर्याप्त मात्रा में पेयजल मिले, विभाग इस दिशा में कार्य कर रहा है। कुछ लोग पेयजल का उपयोग सिंचाई के लिए कर रहे हैं। इन पर अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता के आदेशों के अनुसार मौके पर जाकर कार्रवाई की गई है।
-ओम प्रकाश, कनिष्ठ अभियंता, जलशक्ति विभाग
...
नियमों का उल्लंघन करने पर कटेगा कनेक्शन
जलशक्ति विभाग पेयजल का उपयोग सिंचाई के लिए करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा। कोई व्यक्ति पेयजल का दुरुपयोग करता हुआ पाया जाता है, तो उस पर नियमानुसार जुर्माना किया जाएगा और पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। साथ ही आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई जाएगी।
-अमित, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग कुल्लू