अमर उजाला ब्यूरो
गुशैणी (कुल्लू)। जिला कुल्लू की बंजार की तीर्थन घाटी के देयोरी स्थित बुलागी ढांक के पास एक निजी बस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। बंजार से बठाहड़ की ओर जा रही बस जब देयोरी के पास पहुंची तो सामने से आ रही एक अन्य निजी बस को पास देते समय बस का अगला एक टायर धंस गया। इससे बस झुक गई और सवारियों में अफरातफरी मच गई।
बस में करीब 40 से अधिक सवारियां बैठी हुई थी। अचानक टायर धंसने से कई सवारियां जोर-जोर से चिल्लाने लगी। लेकिन चालक की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और बस में सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकला गया। बस सवार ध्यान सिंह, मूल राज, प्रताप, देवी सिंह तथा संगत राम ने कहा कि वह इसी बस से बंजार से अपने घर की ओ जा रहे थे। इस दौरान एक जगह पर बस अचानक एक तरफ झुक गई। उन्होंने कहा कि बस दुर्घटनाग्रस्त से बच गई। बस करीब 200 फीट गहरी खाई में जाने से बच गई।