क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 108 नेशनल एबुंलेंस ने कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाईडी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस सम्मेलन में 108 नेशनल एंबुलेंस में बेहतरीन सेवा देने वाले ईएमटी और पायलट को सम्मानित किया गया।
यह सम्मान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दिए गए। अस्पताल के सभागार में आयोजित इस सम्मेलन में जिला कुल्लू, बिलासपुर और मंडी से आए करीब 70 कर्मचारियों ने भाग लिया। 108 के प्रोग्राम मैनेजर मुश्ताक अहमद ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला कुल्लू से ईएमटी राजेश तथा पायलट राजकुमार, जिला बिलासपुर से ईएमटी विकास, पायलट सुशील और जिला मंडी से ईएमटी नेहा और पायलट राकेश को उनके बेहतरीन कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, इस अवसर पर जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा के शुरू होने से प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांति आई है और प्रदेश के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। वहीं, कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी सुशील चंद्र ने 108 के कर्मचारियों के बेहतरीन कार्य की सराहना की।
इस कार्यक्रम में धर्मपुर से आए 108 एंबुलेंस के हेड अशोक, एचआर डिपार्टमेंट से आकृति, पुनीत कुमार, जोनल मैनेजर मुश्ताक अहमद, जिला प्रभारी मंडी भूपेंद्र कुमार, जिला प्रभारी बिलासपुर साहिल शर्मा सहित 108 के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।