दशहरा उत्सव में जागरूक किए देवलू, हारियान
जिला विधिक सेवा समिति ने लगाया विधिक जागरूकता और साक्षरता शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला विधिक सेवा समिति कुल्लू की ओर से देवता बिजली महादेव खराहल, माता पार्वती चौंग, भगवान रघुनाथ और देवता जमलू हवाई के अस्थायी शिविरों में आए हुए देवलुओं एवं हारियानों के साथ विधिक जागरूकता और साक्षरता शिविर लगाए गए। शिविर की अध्यक्षता अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जिया लाल आजाद ने की।
विधिक सेवा समिति कुल्लू के सचिव और अतिरिक्त मुख्य दंडाधिकारी हकीकत ढांडा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और नालसा की विभिन्न स्कीमों के बारे में लोगों को अवगत करवाया। उन्होंने सरकार की ओर से मुफ्त कानूनी सहायता का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर अधिवक्ता धर्मेंद्र शर्मा, मोहन सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। जिला विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश चौधरी (जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुल्लू) के आदेशानुसार विधिक सेवा समिति की ओर से 19 से 25 अक्तूबर तक दशहरा मेला प्रदर्शनी ग्राउंड में एक शिविर लगाया गया है, जिसमें पैनल लॉयर और पीएलवी को नियुक्त किया गया। धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि न्यायालय में भी जन-जन की समस्याओं के समाधान के लिए एक फ्रंट ऑफिस खोला गया है। जहां से कोई भी नागरिक या उपरोक्त दर्शाए गए पात्रों को प्राधिकरण की ओर से नालसा के तहत विभिन्न कानूनी एवं निशुल्क सहायता के बारे में जानकारी दी जाती है।