उझी घाटी में लुढ़का पारा, ठंड का प्रकोप बढ़ा
मनाली/पतलीकूहल। उझी घाटी में पारा लुढ़कने से सर्दी का प्रकोप बढ़ने लगा है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए परंपरागत तंदूर निकालने को मजबूर हो गए हैं। रात काटने के लिए अब कंबल और रजाई का भी सहारा लिया जा रहा है। दिन के समय भी स्वेटर और जैकेट के बिना काम नहीं चल पा रहा है। सर्दी के मौसम में जलाने के लिए कुछ लोग लकड़ी के अलावा घर में सूखी घास भी रखते हैं, जिसे अब निकालना शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासी राम सिंह, प्रेम, कमल, सोहन, गांथूराम, चमन, हेम चंद और कर्म चंद ने बताया कि इस बार कई वर्षों बाद अक्तूबर माह में ही पहाड़ों पर बर्फ के चलते ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम ठंडा पड़ने लगा है। शिमला में तैनात मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में सर्दी का प्रकोप और बढ़ेगा।