जिला कुल्लू के ढालपुर ग्राउंड में तीन दिवसीय कुल्लू फेस्टिवल ऑफ स्पीड में शनिवार को दूसरे दौर के मुकाबले हुए। जिसमें लेडीज ओपन कैटेगरी में सिरमौर की महिला जोकि पेशे से सरकारी स्कूल में अंग्रेजी की प्रवक्ता (गर्ल्स स्कूल हमीरपुर) अनुपमा शर्मा विनर बनी हैं। उन्होंने अपना ट्रैक 1 मिनट 31 सेकंड में पूरा किया। उन्होंने पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और जीत हासिल करके रिकॉर्ड दर्ज किया है।। उनका मुकाबला 4x4 गाड़ी के साथ रहा। जबकि अनुपमा शर्मा ने अपनी फ्रोंक्स गाड़ी से अपने प्रतिद्वंदी को कड़ी शिकस्त देते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
इस जीत पर अनुपमा शर्मा ने कहा कि महिलाओं को अपनी हॉबी पर काम करना चाहिए। उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। भले शुरू में आप असफल हो जाएं, लेकिन एक दिन सफलता जरूर मिलती है। स्कूल टाइम से ही मैं गाड़ी चलाती आई हूं। इसके अलावा बुलेट भी दो दशकों से चला रही हूं। मोटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स मेरे फेवरेट एरिया है। आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। मेरे माता पिता ने हमेशा मुझे मोटिवेट किया है। इसके साथ 11 साल का बेटा भी मुझे हमेशा मोटिवेट करता रहता है। उसने कहा था कि मम्मा जीत कर आना। मैंने अपने बेटे और अपने सपने को पूरा कर लिया। मैं भविष्य में भी इसी तरह मोटर स्पोर्ट्स में पार्टिसिपेट करती रहूंगी। मैं आयोजनकर्ताओं का भी दिल से आभार व्यक्त करती हूं जिन्होंने इतना अच्छा ये आयोजन किया है। आज युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहते हुए रचनात्मक कार्यों में आगे आने की जरूरत है।