सुलह (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लाह के विद्यार्थियों ने जोनल व जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
जोनल स्तर की अंडर-14 प्रतियोगिताओं में स्कूल की छात्राओं ने खो-खो व कबड्डी में पहला स्थान झटका। छात्रों ने कबड्डी में प्रथम और वॉलीबाल में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा अंडर-19 वर्ग में छात्राओं की टीम ने सुलह जोन में कबड्डी स्पर्धा में पहला स्थान अपने नाम किया।
विद्यालय की तीन छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इनमें अंडर-14 वर्ग से कोमल तथा अंडर-19 वर्ग से अनवी और दिव्यांशी शामिल हैं।
वहीं, हाल ही में सलियाणा स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी बल्लाह स्कूल का दबदबा रहा। इतिहास प्रवक्ता त्रिलोक चंद, पीईटी अनिल कुमार और कोच सोनाली के मार्गदर्शन में 51 किलोग्राम भार वर्ग में अनवी ने स्वर्ण पदक और 92 किलोग्राम भार वर्ग में रुद्रा ने कांस्य पदक जीता। स्वर्ण पदक विजेता अनवी अब राज्य स्तरीय मुक्केबाजी स्पर्धा में कांगड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वीरवार को स्कूल परिसर में सभी विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य उर्वशी कटोच ने बधाई दी।