गुलेर (कांगड़ा)। हरिपुर थाना पुलिस ने नाके के दौरान सरकारी डिपो में सप्लाई होने वाले गेहूं के आटे की 22 बोरियां बरामद की हैं।
पुलिस ने आटे से लदी बोलेरो पिकअप को कब्जे में लेकर चालक समेत दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आटा कहां से आया और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे थाना प्रभारी अनूप कुमार के नेतृत्व में गुलेर चौक पर नाका लगाया गया था। इसी दौरान नंदपुर-भटोली की ओर से आई बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जीप से गेहूं के आटे की 22 बोरियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक यह आटा सरकारी डिपो में सप्लाई किया जाना था।
मामले में चालक रोहित निवासी बाई, तहसील डाडासीबा और उसके साथ मौजूद श्रवण कुमार निवासी चनौर, तहसील डाडासीबा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आटे की बोरियों के साथ पिकअप और उसकी चाबी भी कब्जे में ले ली है।
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आटा किस स्थान से आया, किसके नाम पर जारी हुआ और इसे कहां ले जाया जा रहा था। खेप के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाएगी कि इससे पहले इस तरह की खेप का परिवहन तो नहीं किया गया। जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।