धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला चुनाव के दौरान दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में जुड़ने को लेकर लोगों ने प्रशासन से शिकायत की है और दोबारा उन्हें अपने वार्ड की मतदाता सूची में जोड़ने की गुहार लगाई है। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नौ सकोह के मतदाताओं का कहना है कि लगभग 60 से 70 मतदाताओं के नाम वार्ड नंबर आठ खेल परिसर की सूची में जोड़ दिए गए हैं।
उनका कहना है कि प्रशासन की इस गंभीर त्रुटि के कारण क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। मतदाताओं का कहना है कि इस गलती के कारण संबंधित मतदाताओं को भविष्य में मतदान प्रक्रिया के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है और उनके मतदान अधिकार भी प्रभावित हो सकते हैं। मतदाताओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की शीघ्र जांच करवाकर सकोह के मतदाताओं के नाम सही वार्ड में दर्ज करवाए जांए, ताकि सभी मतदाता अपने निर्धारित वार्ड में सुचारु रूप से मतदान कर सकें।
इस बारे में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने बताया कि प्रशासन की ओर से भारतीय चुनाव आयोग की मतदाता सूची के आधार पर सूची तैयार की गई है। इस विषय में विज्ञापन, अखबारों और अन्य माध्यमों से मतदाताओं को सूचित किया गया था, जो लोग इन आपत्तियों को लेकर पहुंचे थे। उनकी आपत्तियाें का निपटारा किया गया है, जबकि अब इस विषय में प्रशासन की ओर से कुछ नहीं किया जा सकता है। संवाद