धर्मशाला। जिले में गलघोंटू रोग से बचाव के लिए पशुपालन विभाग ने टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। विभाग ने इस वर्ष डेढ़ लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। अभियान की शुरुआत इंदौरा, फतेहपुर, नूरपुर और नगरोटा सूरियां से हुई है।
सीमावर्ती क्षेत्रों और विशेष रूप से पौंग बांध से सटे इलाकों में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं। गलघोंटू की चपेट में आने पर पशुओं को तेज बुखार, गले में सूजन और सांस लेने में तकलीफ होती है। समय पर उपचार न मिलने पर 24 घंटे के भीतर पशु की मौत भी हो सकती है।
पशुपालन विभाग की उपनिदेशक सीमा गुलेरिया ने कहा कि रोकथाम के लिए छह माह से अधिक आयु के सभी पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है। लक्षण दिखाई देने के 24 घंटे के भीतर पशु की मौत हो सकती है। संवाद