धर्मशाला। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत दाड़ी बाईपास पर करीब ढाई साल पहले 10 लाख रुपये की लागत से बनाया गया लुंगड़ू चौक एक बार फिर बदहाल हो गया है। चौक पर जगह-जगह कंक्रीट उखड़ गई है और सरिया बाहर निकल आया है।
इससे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने के साथ राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार अक्तूबर में स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने इसी हिस्से की मरम्मत करवाई थी लेकिन आठ महीने के भीतर ही सड़क फिर क्षतिग्रस्त हो गई।
भारी वाहनों की आवाजाही से स्थिति लगातार बिगड़ रही है और बरसात में दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।
एक बार इस स्थान की मरम्मत करवाई जा चुकी है। अब यह लोक निर्माण विभाग के अधीन है, इसलिए आगे का मरम्मत कार्य पीडब्ल्यूडी करवाएगा। -विशाल, एजीएम, स्मार्ट सिटी धर्मशाला लिमिटेड
स्थल का निरीक्षण करवाकर उचित विकल्प के अनुसार जल्द मरम्मत कार्य कराया जाएगा। -चंद्रशेखर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, धर्मशाला