धर्मशाला। पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत कुनाल पत्थरी रोड पर सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बीर बहादुर ने बताया कि मृतक की उम्र 50 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात शव मिलने का मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र के आसपास के लोगों से शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के शवगृह में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। यदि इस दौरान मृतक की पहचान हो जाती है, तो शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा अन्यथा पुलिस नियमानुसार अंतिम संस्कार करेगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सामान्य मौत है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। ब्यूरो