डाडासीबा (कांगड़ा)। डाडासीबा के निकटवर्ती गांव दुर्गेई में रविवार दोपहर को एक मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, हादसे में 12 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार सभी लोग उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के गांव बासावोरिया के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के सदस्य हैं। 20 श्रद्धालु मिनी बस में सवार होकर चिंतपूर्णी मंदिर माथा टेकने के बाद अपने घर वापस जा रहे थे। उन्होंने शाम 7:00 बजे के करीब जम्मू से ट्रेन की बुकिंग करवाई थी।
जम्मू जाते समय रास्ते में ही गांव कोटला बेहड़ के पास दुर्गेई में बस चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया। इससे बस सड़क के बीचोंबीच पलट गई। चीखोपुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने मिनी बस से घायलों को बाहर निकाल कर उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया। जहां गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं और एक बच्ची को मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर किया गया।
श्रद्धालुओं के अनुसार बस चालक ने शराब या अन्य किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया हुआ था। उधर, इस संबंध में अतिरिक्त कार्यभारी डीएसपी देहरा चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायलों की सूची
अंश तोमर पुत्र रॉकी तोमर(12), लता चौहान पत्नी किशन चंद(48), सुजाता सिंह पत्नी रोचन सिंह(36), कुसुम पत्नी नितिन (39), नितिन पुत्र चंद्रभान सिंह (40), पायल तोमर पुत्री रॉकी तोमर(15), वैष्णवी पुत्री जुगनेश (11), आस्था पुत्री जगनेश (8), युग तोमर पुत्र सचिन कुमार (6), रोनक तोमर पुत्री सचिन कुमार (10), अक्षिका तोमर पुत्री सचिन तोमर(14), रूबी तोमर पत्नी सचिन (35), अनुपम पत्नी जिगनेश सभी उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के गांव बासावोरिया से संबंधित हैं।