देहरागोपीपुर/रक्कड़ (कांगड़ा)। देहरा की ग्राम पंचायत ढौंटा में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई, जबकि रक्कड़ की ग्राम पंचायत चौली में बस और बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों हादसों के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस थाना देहरा के तहत पंचायत ढौंटा में दोदरा निवासी योगेश कुमार पुत्र रत्न चंद सोमवार को ट्रैक्टर के साथ खेतों में जोताई कर रहा था। इस दौरान दूसरे खेत में जाते समय अचानक ट्रैक्टर पलट गया, जिससे चालक योगेश कुमार के नीचे दबने से मौत हो गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पंचायत प्रधान को दी।
इसके बाद पंचायत प्रधान गंधर्व सिंह ने पुलिस को सूचना दी। मृतक योगेश के दो पुत्र हैं। एक बेटा सेना में है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में कार्यरत है। डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, रक्कड़ की ग्राम पंचायत चौली में एक निजी स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 18 वर्षीय युवक अभि घायल हो गया। बस स्कूली बच्चों को चढ़ा रही थी, जिससे सड़क तंग होने के कारण बाइक बस से टकरा गई। भरोली जदीद स्कूल के लेक्चरर विवेक डोगरा ने युवक को तुरंत रक्कड़ सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस थाना रक्कड़ प्रभारी किशोर चंद ने बताया कि दोनों के बीच आपसी समझौता हो गया है। जिसके चलते मामला दर्ज नहीं हुआ है।