धर्मशाला में शाम के समय छाई धुंध के कारण कम हुई विजिबिलिटी। अमर उजाला
धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला शनिवार शाम को पूरी तरह से धुंध की सफेद चादर में लिपटी रही। शुक्रवार रात को हुई बारिश के बाद शहर के तमाम ऊपरी क्षेत्रों में अचानक घनी धुंध छा गई, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम रह गई। धुंध के इस पहरे के कारण धौलाधार की खूबसूरत पर्वत शृंखलाएं पूरी तरह से ओझल रहीं, जबकि बादलों और कोहरे के बीच से शहर का नजारा बेहद आकर्षक दिखा।
कम विजिबिलिटी के चलते धर्मशाला, मैक्लोडगंज, भागसूनाग, नड्डी और आसपास के पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों को दिन में ही गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से सफर तय करना पड़ा। खासकर पहाड़ी और संकरे घुमावदार रास्तों पर चालकों ने दुर्घटनाओं से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती।
घनी धुंध और बर्फीली पहाड़ियों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते मौसम के मिजाज में भी भारी बदलाव दर्ज किया गया। बारिश के बाद पारा लुढ़कने से स्थानीय लोगों व सैलानियों को पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और चुभती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। धुंध से घिरे देवदार के जंगल पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे और कई पर्यटकों ने इस मनमोहक मौसम के बीच तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किए। शनिवार को धर्मशाला का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।