बैजनाथ (कांगड़ा)। भादों माह के अंतिम शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने महाकाल मंदिर में शनि शिला पर काले रंग की वस्तुएं अर्पित करने के बाद महाकाल और शनि देवता के दर्शन किए।
मंदिर के कपाट सुबह चार बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे और सुबह आठ बजे के बाद श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगनी शुरू हुई और देर शाम तक जारी रही। अवकाश का दिन और अंतिम शनिवार होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। वाहनों के गलत तरीके से पार्क किए जाने के कारण जाम भी लगा रहा और मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा।
मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में भंडारे का आयोजन किया गया। न्यास के ट्रस्टी ओम प्रकाश, विपिन राणा, रमेश चौधरी, विलायती राणा, नितिन कटोच, गायत्री देवी, मेहता मंदिर में प्रबंधों के लिए मौके पर मौजूद रहे। वहीं सेवानिवृत्त प्रिंसिपल मंजीत राणा और वमधीर, कैप्टन सीता राम, तिलक राणा तथा अन्य वालंटियर ने मंदिर प्रबंधों में सहयोग किया। मंदिर पुजारी रामकुमार शर्मा ने बताया कि भादो माह में शनि शीला पर काले रंग की वस्तुएं अर्पित करने से नवग्रह की कुदृष्टि से बचा जा सकता है।